CRPF ग्रुप केन्द्र में भी मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस
ग्वालियर केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ग्रुप केन्द्र में भी विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। पुलिस उप महानिरीक्षक पीसी श्रीवास्तव की मौजूदगी में आयोजित हुए इस आयोजन में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक ने कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन में उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना कि जीने के लिये जल एवं अन्य सामग्रियाँ । प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिये उन्होंने अधिक से अधिक पौधे रोपने पर बल दिया। साथ ही कहा सभी को वृक्षों की कटाई को हतोत्साहित करना चाहिए।
कार्यक्रम में अध्यक्षा क्षेत्रीय कावा श्रीमती अर्चना कुमारी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में ग्रुप केन्द्र की महिलाओं व बच्चों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में कमाण्डेंट ओमकारनाथ सिंह एवं ग्रुप केन्द्र के अन्य अधिकारियों व जवानों का सहयोग रहा।