नगर निगम ग्वालियर ने प्रदेश में जलकर वसूली में प्रथम एवं संपत्तिकर वसूली में द्वितीय स्थान किया प्राप्त
ग्वालियर। प्रदेश भर में आयोजित नेशनल लोक अदालत में आज नगर निगम ग्वालियर द्वारा जलकर में 88 लाख से अधिक की वसूली कर प्रदेश में प्रथम स्थान एवं संपत्तिकर में 3 करोड़ 42 लाख से अधिक की वसूली कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने नेशनल लोक अदालत के दौरान जलकर वसूली में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने एवं संपत्तिकर वसूली में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर पीएचई विभाग के समस्त इंजीनियर एवं अधिकारियों तथा संपत्ति कर विभाग समस्त अधिकारियों को बधाई दी।
कार्यपालन यंत्री पीएचई संजय सिंह सोलंकी ने बताया कि अधीक्षण यंत्री जागेश श्रीवास्तव के निर्देशन में सहायक यंत्री एपीएस भदोरिया, प्रवीण दीक्षित, महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, दीप श्रीवास्तव द्वारा समस्त स्टाफ के सहयोग से कार्य योजना बनाकर चलाए गए अभियान से आज नेशनल लोक अदालत में जलकर की रसीदें काटकर 88 लाख से अधिक जलकर जमा कराया गया जिससे नगर निगम ग्वालियर को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। अपर आयुक्त आरके श्रीवास्तव के निर्देशन में समस्त वसूली प्रभारी द्वारा अच्छा कार्य करते हुए नगर निगम ग्वालियर ने संपत्ति कर वसूली में आज नेशनल लोक अदालत के दौरान 2523 रसीदें जारी करते हुए 3 करोड़ 42 लाख 41000 का संपत्ति कर जमा कराकर प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

