CM ने मंत्रियों से ली रिपोर्ट, ग्राउंड पर वर्किंग में करो सुधार

भोपाल. आज सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सभी मंत्रियों के साथ सीएम हाउस में बैठक ली। इस बैठक में सीएम ने विकास यात्रा की समीक्षा की। अलग-अलग जिलों में किए जा रहे नवाचारों के साथ ही सीएम ने मंत्रियों को अपनी कार्यशैली में सुधार करने की हिदायत दी है। सीएम ने मंत्रियों से कहा फील्ड पर अपनी स्थिति को ठीक करें। जनता और कार्यकर्ताओं से कम्युनिकेशन गैप न हो। जल्द ही फिर समीक्षा की जाएगी। जो भी समस्याएं विकास यात्रा के दौरान जनता की ओर से बताई गई हैं उन्हें चिन्हित करके सुधार करें। परफॉरमेंस ठीक न होने पर बदलाव भी किए जाएंगे।

मंत्रियों ने दी रिपोर्ट
गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में बताया- विकास यात्रा को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई। मंत्रियों ने अपने गृहजिले और प्रभार के जिलों की जानकारी दी। इन यात्राओं में विधायक, सांसद, मंत्री जिस तरह से जनता को लाभ दे रहे हैं उससे काफी सकारात्मक वातावरण बना है। 58 हजार करोड की राशि जल जीवन मिशन में मिली है। इस राशि से हर घर को नल का जल मिलेगा। काम में कसावट के सवाल पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा विकास यात्रा उसी दृष्टि से चल रही है। सभी जगहों से विकास यात्रा में अच्छी खबरें आ रहीं हैं। मंत्रियों को परफॉरमेंस सुधारने के सवाल पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई।

कभी भी कैबिनेट में बदलाव हो सकता है
लंबे समय से शिवराज कैबिनेट का विस्तार टलता जा रहा है। कैबिनेट में अभी भी चार मंत्रियों की जगह खाली है। ऐसे में माना जा रहा है कि कभी भी कैबिनेट में बदलाव हो सकता है। मौजूदा कैबिनेट में 30 मंत्री हैं। इनमें 7 राज्यमंत्री और 23 कैबिनेट मंत्री हैं। शिवराज कैबिनेट में सिंधिया समर्थक 10 मंत्री हैं। इनमें से भी कुछ मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है। सूत्रों की मानें तो मौजूदा मंत्रियों की परफॉरमेंस रिपोर्ट और विकास यात्रा के फीडबैक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक दीपक विस्पुते के पास भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *