पुलिस ने पकड़े रिफाइंड के टीन, मिलावट के लिए लाया जा रहा 220 टीन रिफाइंड ऑयल पकड़ा
मुरैना. मुरैना में मिलावट खोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार को सरायछोला थाना पुलिस ने 220 टीन रिफाइंड ऑयल एक पिकअप वाहन में ले जाते पकड़ा है। इस रिफाइंड का उपयोग खाद्य पदार्थों जैसे मावा आदि में मिलाने के लिए किया जाने वाला था। बता दें, कि सरायछोला थाना पुलिस शनिवार को चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान धौलपुर की तरफ से एक पिकअप वाहन आते देखा। पुलिस को जब शक हुआ तो पुलिस ने वाहन क्रमांक-आरजे 11 यूए 3996 83 सीटी 2721 को रोककर उसकी खाना तलाशी ली। तलाशी लेने पर उसमें रिफाइंड के टीन भरे पाए गए। पूछताछ करने पर पाया गया कि रिफाइंड के यह टीन मावा में मिलाने के लिए ले जाए जा रहे थे।
धौलपुर से ग्वालियर गाड़ी को ले जा रहा था
पुलिस ने जब खाना तलाशी ली तो उसमें डबल समौसा ब्रांड के रिफाइंड ऑयल मिले थे। गाड़ी चालक गणेश रजक, निवासी शिवाजी नगर से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह धौलपुर से ग्वालियर गाड़ी को ले जा रहा था। उसके बाद पुलिस ने खाद्य विभाग के अधिकारी अनिल प्रताप सिंह परिहार व उनकी टीम को बुलाया तथा टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरु कर दी।
