ग्वालियर के सबसे बड़े अस्पताल का बुरा हाल, रसीद कटाओ जहां मन चाहे वहां गाड़ी टिकाओ
ग्वालियर. जेएएच में इन दिनों आरएफआडी पार्किंग के कारण रोज विवाद सामने आ रहे हैं। मरीज हो चाहें अटेंडेंट पार्किंग का ठेकेदार इनसे अभद्रता कर रहा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि ठेकेदार को सिर्फ 10 और 20 रुपये की रसीद से मतलब है। इसके बाद अपने वाहन कहां खड़े करते हैं उससे उसका कोई लेना देना नहीं है। यही नहीं वाहन चालक की गाड़ी की सुरक्षा के लिए उसने कोई गार्ड या चौकीदार नहीं रखा है। इस स्थिति में आइसीयू जैसे स्थानों पर आने वाले मरीजों के रास्ते में वाहन चालक अपनी गाड़ी कर रहे हैं। जहां लिखा है कि यहां वाहन खड़े करना मना है। उसी के सामने वाहन खड़े देखे जा सकते हैं। इस मामले को लेकर जिम्मेदार डीन और अधीक्षक ने मौन साध ही रखा है, क्षेत्रीय विधायक प्रवीण पाठक रोजाना अपनी राजनीति चमकाने आ जाते हैं।
जेएएच के ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए आने वाले मरीजों के लिए खोला गया मुख्य द्वार इन दिनों दो पहिया वाहनों का पार्किंग स्टैण्ड बना हुआ है। गंभीर स्थिति में आटो या एंबुलेंस से लाने के लिए जगह तो बहुत दूर की बात है, इस द्वार से मरीज को पैदल ले जाना भी मुश्किल होता है। यहां मुख्य द्वार पर ही लिखा है कि वाहन पार्किंग करना मना है। इसके बावजूद वाहनों की पार्किंग की जा रही है।

