gwalior में भाजपा को सभापति चुनाव में क्रॉस वोटिंग का डर
ग्वालियर. भारतीय जनता पार्टी ने नवनिर्वाचित पार्षदों की परिचय बैठक बुलाकर उनको साधने की कोशिश की। क्योंकि अभी सभापति का भी चुनाव होना है यदि तीन-चार पार्षद ने भी क्रॉस वोटिंग कर दी तो भाजपा के हाथ से यह सीट भी निकल जाएगी। बैठक में नगरीय निकाय चुनाव में महापौर सहित वार्डों में कई सीटें हारने पर वरिष्ठ नेता सफाई देते नजर आए।
सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा, पार्षद का चुनाव स्थानीय एवं व्यक्तिगत होता है, इस कारण एक वार्ड में एक से अधिक दावेदार होते हैं। प्रत्याशी चयन के समय पार्टी का जो मापदंड होता है, उसका एक पैमाना होता है। उन्होंने कहा, भाजपा बड़ा राजनीतिक दल होने के कारण कार्यकर्ताओं में भी अपेक्षा होना स्वाभाविक है। राजनीति में भी प्रत्येक व्यक्ति को मनमाफिक दायित्व मिले इसके लिए प्रारब्ध, पराक्रम के साथ देवकृपा भी आवश्यकता होती है। हमारे कार्यकर्ता, जनता जनार्दन के महानुभाव जैसी समस्याएं हमारे पास लेकर आते हैं इसका त्वरित निराकरण एवं समाधान हमारे पास नहीं होता है। हमारी इच्छा होती है कि हम इसकी मदद करना चाहते हैं पर हमारे हाथ बंधे होते हैं। चाहे केंद्र की सरकार हो या प्रदेश की राज्य सरकार हो या ग्वालियर की नगर निगम हो। हमारा अधिकार सीमित है।
नए पार्षदों को दिए सुझाव
जनता जनार्दन की सेवा के लिए एक कार्ययोजना आप लोग बनाएं और इसके लिए एक कैलेंडर बनाना चाहिए इसमें नगर निगम प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर एक कुशल जनसेवक की भूमिका तय करें। क्षेत्र एवं वार्ड की जनता की भावना अनुसार विकास का एक ब्लूप्रिंट तैयार करें उसको लेकर आम जनता के बीच जाकर सहमति बनाएं और उसका पालन भी कराएं।

