GWALIOR में स्कूली बसों में क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठाने और दस्तावेज न होने पर होगी कार्रवाई, प्रदेशभर में चलेगा अभियान
ग्वालियर. स्कूली बच्चे सुरक्षित स्कूल आ-जा सके यह हमारी पहली प्राथमिकता है। स्कूली बसों में क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने और दस्तावेज पूरे नहीं होने वाली बसों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इसके लिए जल्द ही पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा, जिसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। यह बात नवागत परिवहन आयुक्त संजय कुमार झा ने चर्चा के दौरान कही। परिवहन आयुक्त ने ग्वालियर स्थित परिवहन आयुक्त कार्यालय का निरीक्षण किया इस मौके पर प्रत्येक सेक्शन में जाकर कर्मचारी से परिचय लिया उनके साथ अपर परिवहन आयुक्त अरविंद सक्सेना साथ थे।
भोपाल में पदभार ग्रहण करने के बाद ग्वालियर आए परिवहन आयुक्त झा ने कहा, शासन के लिये अधिक से अधिक राजस्व हासिल हो इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। वाहन पोर्टल को अधिक बढ़ावा देना है जिससे आवेदक कार्यालय तक न आकर ऑनलाइन सेवा का उपयोग करें। उन्होंने कहा, हमारा मध्यप्रदेश 5 राज्यों से घिरा हुआ है समुद्र से लगे राज्यों को समुद्र के माध्यम वाले कंटेनर से टैक्स मिलता हैं। हमारे इंडस्ट्रियल से जाने वाले सामान पर भी हमें टैक्स मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा, पिछले दिनों प्रदेश में तेज रफ्तार के चलते जो दुर्घटनाएं हुई हैं भविष्य में इन पर रोक लगाने का क्या-क्या उपाय किए जा सकते है उन पर भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा, प्रदेश की ग्रामीण जनता की परेशानी को देखते हुए दूरगामी क्षेत्रों में विदिशा में शुरू किए गए पायलट प्रोजेक्ट की तहत अन्य जिलों में भी कमर्शियल वाहन चलाने की योजना है। जिससे लोगों को सस्ता और सुलभ परिवहन मिल सके। प्रदेश भर में अवैध रूप से चलाई जा रही एम्बुलेंस और उनके संचालकों द्वारा मनमाने किराए को लेकर परिवहन आयुक्त ने कहा, प्रदेश में अवैध रूप से एम्बुलेंस न चले इसके लिए हॉस्पिटल और प्रशासन के साथ बैठकर मरीजों की सुविधा के लिए बेहतर प्रयास को जाएंगे।

