कोल क्राइसिस पर एक्शन में सरकार: शाह के घर कोयला, बिजली और रेल मंत्री की हाई लेवल मीटिंग; पावर प्लांट्स तक कोयला पहुंचाने पर जोर
नई दिल्ली. कोल क्राइसिस पर सोमवार दोपहर गृहमंत्री अमित शाह के घर पर बड़ी बैठक हुई। इस मीटिंग में रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव, ऊर्जा मंत्री आरके सिंह और कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी शामिल हुए। पिछले दिनों बिजली संकट के बाद कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने कोल क्राइसिस का मुद्दा उठाया था।
राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत 12 राज्यों में बिजली संकट
अखिल भारतीय बिजली इंजीनियर महासंघ (AIPEF) के मुताबिक राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्य बिजली संकट से जूझ रहे हैं। AIPEF के प्रवक्ता वीके गुप्ता का कहना है कि गर्मी के दिनों में बिजली की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में बिजली प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए ज्यादा कोयला की जरूरत होती है।
देश में बिजली उत्पादन में 70% कोयले का उपयोग
भारत करीब 200 गीगावॉट बिजली यानी करीब 70% बिजली का उत्पादन कोयले से चलने वाले प्लांट्स से करता है। देश में कोयले से चलने वाले 150 बिजली के प्लांट्स है। पिछले दिनों बिजली संकट गहराने पर बिजली प्लांट्स तक कोयला ले जाने वाली ट्रेनों को रास्ता देने के लिए रेलवे ने ट्रेनों के 670 फेरे रद्द कर दिए थे।
