मुरैना में आंधी के साथ बारिश, दतिया में गिरे ओले, ग्वालियर में भी आसार

ग्वालियर. पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार को ग्वालियर चंबल अंचल में भी दिखाई दिया। भिंड में तेज आंधी चली जबकि मुरैना में आंधी के साथ झमाझम बारिश भी हुई। वहीं ग्वालियर में भी दिन में तेज धूप रही है लेकिन माैसम विभाग ने शहर में तेज आंधी के भी आसार जताए हैं। भिंड में आंधी के बीच छह मकानों में भी आग लग गई।

रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। दिन में चिलचिलाती धूप शाम होते ही तेज आंधी चली और उसके बाद बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। मौसम के इस मिजाज ने भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत दी लेकिन जिन घरों व मैरिज गार्डनों में अखतीज की शादियों की तैयारियां चल रही हैं उनके माथे पर चिंता की लकीरें उकेर दी हैं। रविवार की सुबह से आसमान साफ था इस कारण सूरज ने खुलकर अपनी चमक बिखेरी। सुबह 8 बजे से ही धूप की तपन तेज गर्मी का अहसास कराने लगी। दोपहर 12 बजे तक सूरज सिर पर चढ़कर आया तब चिलचिलाती धूप और लपटों की जुगलबंदी ने जनजीवन को हलाकान कर दिया। तेज धूप ऐसी लग रही थी मानो जलती हुई भट्टी के पास खड़े हो गए हों। घर के अंदर उमस भरी गर्मी और बाहर निकलते ही झुलसाने वाली गर्मी बेहाल कर रही थी। शाम 5 बजे तक गर्मी अपने पूरे तेवरों में रही उसके बाद अचानक मौसम बदला। साढ़े 5 बजे के करीब धूलभरी तेज आंधी चली। आठ से 10 मिनट तक आंधी का दौर चला इसके बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई।अंबाह कस्बे में भी आंधी के बाद बारिश हुई। शनिवार की तुलना में तापमान एक डिग्री गिरकर 43 डिसे और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।

भिंड में लगी आग
भिंड के गोरमी में भी आज शाम को तेज आंधी चली। इस दाैरान गोरमी के कल्याणपुरा रोड पर पेट्रोल पंप के पीछे बने छह मकानों में आग लग गई। मामले की जानकारी लगते ही फायर ब्रिगेड माैके पर पहुंच गई इसके अलावा मेहगांव व गोहद और मालनपुर से भी दमकल वाहनों को बुला लिया गया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया वर्ना पेट्रोल पंप तक आग यदि पहुंच जाती तो गंभीर हादसा हो सकता था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *