5 मई को लखीमपुर खीरी में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, चार राज्यों से जुटेंगे हजारों किसान
नई दिल्ली. पिछले साल अक्टूबर में लखीमपुर खीरी में मारे गए किसानों को न्याय दिलाने की मांग पर पांच मई को लखीमपुर खीरी में चार राज्यों के हजारों किसान पहुंचेंगे । चार मई को पंजाब से किसानों का काफिला तीन और राज्यों के किसानों के साथ निकलेगा. जो पांच मई को लखीमपुर में पहुंचकर मारे गए किसानों के परिजनों से मुलाकात करेगा। रविवार को इस बात की घोषणा भारतीय किसान यूनियन (पंजाब) के महासचिव हरिंदर सिंह लखोवाल ने मीडिया से बात करते हुए की। लखोवाल ने बताया कि भारतीय किसान यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले लखीमपुर खीरी का दौरा करेगा।
भारतीय किसान यूनियन के महासचिव हरिंदर सिंह लखोवाल ने बताया कि किसान नेता 4 मई को पंजाब से प्रस्थान करेंगे और लखीमपुर खीरी के रास्ते में राजस्थान, यूपी और हरियाणा के अन्य किसान भी शामिल होंगे। बता दें कि पिछले साल तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में किसानों के एक जत्थे को एसयूवी थार से कुचल दिया गया था। इस घटना में चार किसानों की मौत हुई थी।
