ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन, 5 स्टूडेंट्स को कार ने रौंदा
ग्रेटर नोएडा. ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। यहां 5 स्टूडेंट्स को बेकाबू कार ने रौंद दिया। इनमें से एक छात्र आयुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 घायल हैं। इनमें से 2 की हालत गंभीर है। हादसे के शिकार स्टूडेंट्स इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट के छात्र हैं। सभी देर रात करीब 11 बजे खाना खाकर हॉस्टल लौट रहे थे। हादसे के बाद कार ड्राइवर भाग गया। हादसा रयान गोलचक्कर के पास शनिवार रात हुआ। पांचों स्टूडेंट्स ग्रुप में सड़क पार कर रहे थे। तभी सफेद रंग की बेकाबू कार ने उनको जोरदार टक्कर मारी। टक्कर से आगे चल रहा छात्र आयुष उछलकर कई फीट दूर जा गिरा। बाकी को रौंदते हुए कार तेज रफ्तार से भाग गई।
काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे छात्र
पुलिस ने बताया कि जहां हादसा हुआ, वह एरिया सुनसान था। ऐसे में टक्कर मारने के बाद कार ड्राइवर कार को भगा ले गया। आस-पास कोई था भी नहीं। ऐसे में काफी देर तक छात्र सड़क पर पड़े तड़पते रहे। कुछ देर बाद उसी रोड से एक बाइक सवार निकला। उसने सड़क पर बेहोश और दर्द से कराहते छात्रों को देखा। अंधेरा होने के कारण उसे कुछ समझ नहीं आया। वह वहां से निकल गया। आगे कुछ दूरी पर चौकी इंचार्ज केदार सिंह टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। बाइक सवार युवक ने केदार सिंह को बताया कि पीछे एक्सीडेंट हो गया है। कई छात्र-छात्राएं सड़क पर बेहोश पड़े हुए हैं। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सबसे पहले आयुष को कैलाश हॉस्पिटल लेकर गए। इसके बाद अन्य स्टूडेंट्स अंजलि यादव (एमबीए, जीएल बजाज), आदित्य (एमबीए, जीएल बजाज), ईशा (एमबीए, हाईटेक बिजनेस स्कूल) और वैष्णवी (बीटेक यूनिटेक कॉलेज) को अस्पताल पहुंचाया गया।
आयुष की अस्पताल में मौत
हादसे में सबसे ज्यादा गंभीर आयुष शर्मा की ट्रीटमेंट के दौरान मौत हो गई। आयुष गलगोटिया यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहा था। वह आगरा के शाहगंज इलाके का रहने वाला था। परिजन रात को ही पहुंच गए थे। बेटे की मौत से टूट चुके पिता ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने पुलिस को लिखकर दिया है कि आयुष के शव का पोस्टमार्टम न कराया जाए।
