सिंधिया को हराने की साजिश कमलनाथ के दफ्तर से रची गई थी

ग्वालियर. प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री व सिंधिया समर्थक ओपीएस भदौरिया ने नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह के आरोपों और सिंधिया की हार पर बड़ा बयान दिया है। ओपीएस ने कहा है कि सिंधिया को हराने की साजिश तत्कालीन मुख्यमंत्री कमल नाथ के दफ्तर से रची गई थी। सिंधिया कमल नाथ के लिए बड़ा खतरा थे,इसलिए बाहर के नेता बुलाकर उनको हरवाया गया। नेता प्रतिपक्ष के लिए कहा कि उनके लिए तो मैं ही काफी हूं। वह सिर्फ एक विधानसभा के नेता हैं, जबकि सिंधिया पूरे प्रदेश के लोकप्रिय नेता हैं। वह अपने विकास कार्यो के लिए जनता के मन में बसते हैं।

ग्वालियर पहुंचे प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने हाल ही में सदन में नेता प्रतिपक्ष बने लहार विधायक गोविंद सिंह को आड़े हाथ लिया है। एक दिन पहले गोविंद सिंह ने सिंधिया को यह कहते हुए चुनौती नहीं माना था कि जो अपने ही प्रतिनिधि से चुनाव हार गया हो वो कैसे चुनौती हो सकता है। इस पर राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया का कहना है कि गोविंद सिंह एक विधानसभा के नेता हैं। जब सिंधिया के लिए कमल नाथ चुनौती नहीं है तो गोविंद सिंह क्या चीज हैं। नेता प्रतिपक्ष को राहुल बाबा (राहुल गांधी) के बारे में सोचना चाहिए कि वह चुनाव कैसे हार गए। राष्ट्रीय पार्टी को क्षेत्रीय पार्टी से भी कम स्तर पर ले आए हैं। सिंधिया की लोकप्रियता उनके विकास कार्यो से हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *