केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने तालाब निर्माण कार्य में किया श्रमदान
मुरैना/ग्वालियर देश की आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत,देशव्यापी श्रंखला के तहत, मुरैना जिले में बनाए जा रहे 106 अमृत सरोवरों (तालाबों) के निर्माण कार्य देखने के लिए आज दूसरे दिन भी क्षेत्रीय सांसद नरेंद्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे। ग्राम भटपुरा पंचायत रूपाका तोर, जनपद पंचायत सबलगढ़, जिला मुरैना में निर्माणाधीन तालाब का अवलोकन करने के साथ ही वहां श्रमदान भी किया।
इस दौरान श्री तोमर ने अधिकारियों से कहा कि तालाब बन जाने के बाद इसके माध्यम से आसपास के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाएं। जल संरक्षण के प्रति सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के निर्णय अनुसार, राज्य सरकार, जिला प्रशासन, जिला पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से तालाबों का निर्माण किया जा रहा है। इनके बन जाने पर भू-जल स्तर बढ़ेगा तथा खेती-किसानी का सिंचित रकबा भी बढ़ेगा तथा भविष्य के लिए क्षेत्रवासियों को काफी सहूलियत हो जाएगी।
केंद्रीय मंत्री द्वारा अवलोकन के दौरान जौरा के विधायक सूबेदार रजौधा, जिलाध्यक्ष योगेशपाल गुप्ता, पूर्व मंत्री मुंशीलाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा जिला पंचायत के सीईओ रोशन कुमार सिंह सहितसंबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
