सिख-हिंदू संगठनों के बीच फायरिंग हुई, तलवारें चलीं, रातभर कर्फ्यू के बाद हिंदू संगठन ने बुलाया बंद

चंडीगढ़. पटियाला में शुक्रवार को खालिस्तान विरोधी मार्च पर सिख और हिंदू संगठन आमने-सामने आ गए। हिंदू संगठन मार्च निकालने की तैयारी में थे। इसी दौरान कुछ सिख संगठन इनका विरोध करने लगे। इस वजह से माहौल इतना बिगड़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव हो गया। इस बीच SHO को हाथ में चोट लग गई। इसके बाद हालात संभालने के लिए SSP ने हवाई फायरिंग की।

इस घटना के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने पटियाला में कर्फ्यू लगा दिया। यह शुक्रवार शाम 7 बजे से शनिवार सुबह 6 बजे तक लागू रहा। कर्फ्यू के बाद आज हिंदू संगठनों ने बंद का ऐलान किया है। पूरे जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं CM भगवंत मान ने भी चंडीगढ़ में पुलिस अफसरों से मीटिंग की। जिसमें इस घटना को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद शिवसेना नेता हरीश सिंगला को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें काली मंदिर के पास हुई झड़प के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *