लोकायुक्त ने पंचायत सचिव को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोचा
मुरैना. सबलगढ़ में पदस्थ एक पंचायत सचिव को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया हे। पंचायत सचिव संतोष शर्मा को 20 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए दबोचा गया है। जैसे ही लोकायुक्त की टीम ने पंचायत सचिव को पकड़ा वह डर की वजह से कांपने लगा। कहने लगा उससे गलती हो गयी है। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना शुक्रवार की दोपहर की है। आपको बता देंकि पंचायत सचिव संतोष शर्मा, सबलगढ़ के गांव राजा के तोर में पंचायत सचिव के पद पर पदस्थ है। फरियादी रेखा जादौन पत्नी सतेन्द्रसिंह जादौन गांव की सरपंच हैं। उन्होंने कुआं बनवाया था। उसकी मजदूरी का बिल पास करने के लिये बार-बार पंचायत सचिव से कह रहे थे लेकिन पंचायत सचिव सुन ही नहीं रहा था और बाद में पंचायत सचिव ने उनसे कहा है कि 30 हजार रूपये दो, तो ही बिल पास होगा।
जब हाथ लाल हो गये
इसके बाद 6 हजार 500 रूपये पंचायत सचिव संतोष शर्मा ने पहले ही ले लिये थे। बाकी रूपये लेने थे। इसकी शिकायत रेखा जादौन पत्नी सत्येन्द्रसिंह जादौन ने गवालियर पहुंच कर एसपी लोकायुक्त से की। एसपी लोकायुक्त ने उन्हें टेप रिकॉर्डर देकर कहा है कि पहले वह उसकी बातचीत रिकॉर्ड कर लाये। उन्होंने ठीक वैसा ही किया। बाद में तय समय के अनुसार आज शुक्रवार को पति-पत्नी दोनों सबलगढ़ स्थित मुख्य बाजार में मौजूद चौधरी निवास पर पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने संतोष शर्मा को 20 हजार रूपये दिये। जैसे ही संतोष शर्मा ने रूपये अपने हाथ में लेकर जेब में रखने लगे। उसी समय बगल में छिपी लोकायुक्त की टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त टीम ने जब उनसे रूपये निकलवाकर हाथ धुलवाये तो हाथ लाल हो गये।
कांपने लगा संतोष शर्मा
जैसे ही लोकायुक्त की टीम ने संतोष शर्मा को पकड़ा वह डर की वजह से कांपने लगा वह लोकायुक्त टीम के सदस्य से कहने लगा कि उससे गलती हो गई है। अब, दोबारा नहीं होगी। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस बात को भी संतोष शर्मा समझ चुका था।
यह अधिकारी रहे कार्रवाई में शामिल
इस कार्रवाई में लोकायुक्त निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक भरत सिंह किरार, निरीक्षक अंजलि शर्मा, पंकज शुक्ला तथा अतर सिंह रावत मुख्य रुप से शामिल थे।

