हिन्दुत्व पर बयान से भड़की बीजेपी, कहा इच्छाधारी हिन्दू हैं राहुल गांधी
नई दिल्ली. सलमान खुर्शीद की नई किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। पहले इस किताब को लेकर विवाद था और इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान से सियासी उफान आ गया है जिसमें उन्होंने आरएसएस की विचारधारा पर हमला बोलते हुए हिन्दू धर्म और हिन्दुत्व को अलग बताया है। बीजेपी की ओर से राहुल गांधी पर पलटवार किया गया है।
राहुल का बयान हिन्दुओं पर प्रहार
पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि हिन्दू और हिन्दुत्व पर प्रहार करना कांग्रेस का चरित्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वही पार्टी है जिसकी ओर से भगवा आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल किया गया था साथ ही उन्होंने राहुल के बयान को हिन्दुओं पर प्रहार बताया है। संबित ने कहा कि एक वक्त था जब कहा था संस्कृति की वजह से बलात्कार होते हैं। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा वोट बैंक की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से भरसक प्रयास हुआ था कि राम मंदिर की सुनवाई को कोर्ट में टाल दिया जाए। राहुल ने ही कहा था कि मंदिर जाने वाले लड़कियां छेड़ते हैं। सोनिया जी की पार्टी ने भगवान राम के लिए हलफनामा दिया था इन लोगों ने भारत का संविधान नहीं पढ़ा है, उपनिषद तो बहुत दूर की बात है।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी इच्छाधारी हिन्दू हैं क्योंकि अगर वह हिन्दू दर्शन समझते तो इस तरह की गालियां न निकालते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नियत क बारे में हिंदुस्तान को पता है और भारत की संस्कृति को जो लोगा इस तरह के शब्दों से अलंकृत करते है उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी।

