योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन, अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे
नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का आज निधन हो गया। 89 साल के आनंद सिंह बिष्ट ने सोमवार सुबह 10.40 पर दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। आनंद सिंह बिष्ट का दिल्ली के एम्स में 13 मार्च से इलाज चल रहा था उन्हें लिवर और किडनी की समस्या थी। गैस्ट्र विभाग के डॉक्टर विनीत आहूजा की टीम उनका इलाज कर रही थी। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी और वह पिछले कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे। सीएम सचिवालय से बताया कि सीएम योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं होंगे। लॉकडाउन खत्म होने पर परिवार के बीच पहुंचेंगे।
आनंद सिंह बिष्ट के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव पंचुर ले जाया जा रहा है। मंगलवार को हरिद्वार में अंतिम संस्कार होगा। वहीं राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या ने सीएम के पिता के निधन पर गहरा दुख जताया और कहा कि मुख्यमंत्री योगी जी के पिता श्री आनंद सिंह बिष्ट के निधन की दुखद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार व शुभचिंतकों को संबल प्रदान करें।
