इंदौर में कोरोना से टीआई देवेंद्र चंद्रवंशी की मौत, सीएम ने 50 लाख राशि व पत्नी को उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति
इंदौर. शनिवार की रात एक पुलिस इंस्पेक्टर की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई। कोरोना के लक्षण दिखने पर जूनी इंदौर थाना प्रभारी देवेंद्र चंद्रवंशी को बीते 30 मार्च को अरविंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनकी कोविड-19 जांच की गई थी जो पॉजिटिव आई इसके बाद उनका स्वास्थ्य लगातार सुधार हो रहा था वहीं 13 व 15 अप्रैल को देवेंद्र चंद्रवंशी के लिए गए सैंपल्स की कोविड-19 टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आई थी और उन्हें आज अस्पताल से डिस्चार्ज किया जाना था लेकिन शनिवार की रात 11.30 बजे अचानक उनकी सांसें तेज चलने लगीं और हार्टबीट रेट काफी तेज हो गया। अरविंदो हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉक्टर विनोद भंडारी के अनुसार देवेंद्र चंद्रवंशी को पल्मोनरी एम्बोलिज्म हुआ था जो एक तरह का हार्टअटैक है। यह नॉर्मल लोगों में भी होता है। डॉक्टर भंडारी के अनुसार यही उनकी मौत का प्रमुख कारण बताया गया।
परिवार को 50 लाख राशि व पत्नी को नौकरी दी
इंदौर के पुलिस इंस्पेक्टर देवेंद्र चंद्रवंशी के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि इंदौर की हमारी पुलिस टीम के कर्तव्यनिष्ठ सदस्य, पूर्व थाना प्रभारी, निरीक्षक श्री देवेंद्र कुमार जी ने कोरोना से जंग में कर्तव्य की बलिवेदी पर अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इंदौर के अरविंदो अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था और हाल ही में उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी और ये हमारे लिए कए अच्छी खबर थी लेकिन कल देर रात अचानक ही 11.30 बजे उनकी मृत्यु का दुखद समाचार मिला। मैं उनके चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस संकट की घड़ी में मेरे साथ पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है। इस संकट की घड़ी में मेरे साथ पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है। शोकाकुल परिवार को राज्य शासन की ओर से सुरक्षा कवच के रूप में 50 लाख राशि व उनकी पत्नी श्रीमती सुषमा जी को विभाग में उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति दी जा रही है।
डीजीपी ने किया शोक व्यक्त
पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने पूरे पुलिस परिवार की ओर से उनकी शहादत को कोटिशःनमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि हमारे बहादुर युवा पुलिस अधिकारी के आसामयिक निधन से पूरा मध्यप्रदेश पुलिस परिवार स्तब्ध एवं शोकाकुल है। उनके द्वारा प्रदर्शित कर्तव्यपरायणता एवं साहस पर हम सभी गौरवान्वित हुए हैं।
