उड़ते हवाई जहाज से गिरे तीन लोग, प्लेन के टायर में छिपकर भाग रहे थे

काबुल. अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद लोग देश छोड़ने के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं। सोमवार को हवा में उड़ते प्लेन से गिरकर 3 लोगों की मौत हो गई। यह मिलिट्री एयरक्राफ्ट है और जानकारी के मुताबिक, लोग इसकी बॉडी पर लटककर यात्रा कर रहे थे। काबुल शहर के ऊपर उड़ेत प्लेन से गिरते लोगों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक के बाद एक लोग नीचे गिरते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि देश छोड़ने के लिए ये लोग मिलिट्री प्लेन के टायरों के बीच में खड़े हो गए थे। काबुल एयरपोर्ट से टेक ऑफ करने के बाद जैसे ही प्लेन हवा में पहुंचा, ये लोग एक-एक करके नीचे लगे। शहर के लोगों ने इन्हें गिरते हुए देखा, लेकिन अभी तक इनकी पहचान नहीं हो पाई है।

एयरपोर्ट पर भगदड़ का माहौल, फायरिंग में 5 की मौत
अफगानिस्तान में तालिबान का कब्जा होने के बाद काबुल एयरपोर्ट पर भारी भीड़ हो गई है। फिलहाल एयरपोर्ट अमेरिकी सैनिकों के कंट्रोल में है। रॉयटर्स के मुताबिक, एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी में पांच लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए हैं।

काबुल शहर में गाड़ियों की लूटपाट और फायरिंग हुई
इसी बीच काबुल में कई इलाकों में लूटपाट की खबरें हैं। सरकारी नंबर प्लेट वाली गाड़ियां लूटी जा रही हैं। कुछ लोगों ने अपनी निजी गाड़ियां छीने जाने का भी दावा किया है। एयरपोर्ट के पास आवासीय कॉलोनी में गोलीबारी हुई है। वहीं सरकारी एजेंसियों के दफ्तरों में लूटपाट हुई है। तालिबान का कहना है कि अराजक तत्वों ने तालिबान के नाम पर लूटपाट की है और संवेदनशील दस्तावेज जला दिए हैं।

एयरपोर्ट पर 6 हजार सैनिक तैनात करेगा अमेरिका
इधर, अमेरिका ने कहा है कि वह एयरपोर्ट पर अपने 6 हजार सैनिक तैनात करेगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। अभी काबुल एयरपोर्ट पर भगदड़ जैसे हालात हैं। देश छोड़ने के लिए लोग हजारों की तादाद में वहां जमा हो गए हैं। कई ऐसे भी हैं जो बिना कोई सामान लिए एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *