समय समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने दिए निर्देश, शेष बचे अवैध तलघरों पर शीघ्र करें कार्यवाही- निगमायुक्त
ग्वालियर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने सोमवार को साप्ताहिक समय समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए शहर में बने अवैध तलघरों को लेकर निर्देश दिए कि शेष बचे तलघरों पर संबंधित अधिकारी तत्काल कार्यवाही करें। इसके साथ ही भवन अनुमति के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए भवन अनुमति समय सीमा में जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सिटीसेंटर स्थित निगम मुख्यालय में आयोजित बैठक में समय सीमा एवं सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों सहित अन्य आवश्यक विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निगमायुक्त ने सिटी प्लानर पवन सिंहल से भवन निर्माण अनुमति एवं तलघरों के प्रकरणों के संबंध में निर्देश दिए कि भवन अनुज्ञा के प्रकरण लंबित न किए जाएं तथा भवन अनुज्ञा समय सीमा में जारी होए यह सभी भवन अधिकारी सुनिश्चित करें।
पेंचवर्क तथा रोड मार्किंग आदि कार्य पूर्ण कराएं
साथ ही शहर की प्रमुख सडकों पर सुगम यातायात को लेकर चर्चा करते हुए निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी मुख्य समन्वयक अधिकारीए सीओ एवं क्षेत्राधिकारी उनके क्षेत्र की सडकों पर कार्य पेंचवर्क तथा रोड मार्किंग आदि आवश्यक कार्य पूर्ण कराएं तथा यह सुनिश्चित करें कि सडकें मोटरेवल हों। इसके साथ ही यदि डिवाइडर व फुटपाथ टूटे हों तो तत्काल उनकी रिपेयरिंग कराएं।
पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा
बैठक में पौधारोपण को लेकर चर्चा करते हुए निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान शहर में वृहदस्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा इसके लिए अभी से तैयारी पूर्ण रखें। निगमायुक्त ने बैठक में वैक्सीनेशन को लेकर जानकारी प्राप्त की तथा सभी विभागाधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे स्टाफ का वैक्सीनेशन कराया जाना सुनिश्चित करें और जो भी कर्मचारी वैक्सीनेशन के लिए शेष रह गए हों उनकी जानकारी भेजें। बैठक में अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव, मुकुल गुप्ता, संजय मेहता एवं आरके श्रीवास्तव तथा अधीक्षण यंत्री जेपी पारा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
