पूर्व विधायक रामवरणसिंह गूर्जर के भतीजे की सड़क दुर्घटना में मौत
ग्वालियर. घर से ड्यटी के लिये निकले पूर्व विधायक के भतीजे की एक्टिवा में रांग साइड आये मोटरसाईकिल सवारों ने टक्कर मार दी। हेलमेट पहले होने के बाद भी एक्टिवा सवार को माथे में गंभीर चोट लगी व 100 मीटर की दूरी पर हॉस्पिटल था। लेकिन कोई मदद के लिये आगे नहीं आया। घायल ने ही फोन कर हादसे की सूचना परिजन को दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गये जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना सोमवार की सुबह गोला का मंदिर इलाके की है। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
उपनगर मुरार के मुखर्जी नगर निवासी 34 वर्षीय गौरव हर्षाना पुत्र आशाराम हर्षाना पंचायत सचिव था। अभी वह मुरैना के रानसू गांव में पदस्थ था। गौरव, सिंधिया समर्थक व पूर्व विधायक रामवरन सिंह गुर्जर का भतीजा था। मिलनसार स्वभाव के कारण गौरव सभी का खास था। सोमवार की सुबह वह घर से अपनी एक्टिवा नंबर MP07 SJ-6193 को लेकर ड्यूटी के लिए गांव जा रहा था। अभी वह सूर्य मंदिर से पिंटो पार्क की तरफ कुछ आगे ही बढ़ा था कि तभी सामने से रॉन्ग साइड में आए बाइक नंबर MP07 NE-2284 के चालक ने गौरव की गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गौरव उचटकर गिरा। बाइक पर सवार 3 युवक भी गिरे। माथे में चोट लगने के कारण गौरव वहीं पड़ा रह गया। घटना के बाद आसपास से काफी लोग गुजरे, लेकिन किसी ने उसे अस्पताल नहीं पहुंचाया, जबकि 100 मीटर की दूरी पर शहर का एक बड़ा हॉस्पिटल था। बेहोश होने से पहले गौरव ने अपने ही मोबाइल से घर पर कॉल कर एक्सीडेंट होने की खबर दी। इसके बाद बड़ा भाई सोनू घर से स्पॉट पर पहुंचा। उसे अस्पताल लेकर गए तो डॉक्टर ने उसकी नब्ज टटोलने के बाद मृत घोषित कर दिया। दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हुए हैं।
हेलमेट के बाद भी नहीं बचा सिर
गौरव ने घर से निकलते समय हेलमेट भी पहन रखा था। उसका हेलमेट ओपन वाला था और आगे से वह खुला था। यही वजह रही कि जब वह गिरा तो माथे पर चोट आई और खून भी निकला जिस वजह से उसकी मौत हो गयी।
आठ दिन पूर्व जन्मदिन मनाया था
गौरव काफी मिलनसार था इसलिये उसकी दोस्ती भी अच्छी थी। 4 वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। 2 वर्ष की एक मासूम बेटी भी उसके परिवार में है। 8 दिन पूर्व 6 जून का जन्मदिन था और वह 34 वर्ष का हुआ था। दोस्तों ने हमेशा की तरह माला पहनाकर उसका स्वागत किया था। केक काटकर फेसबुक पर फोटो भी अपलोड किये थे। तब कोई नहीं जानता था कि उसका अंतिम जन्मदिन था।

