ग्वालियर में लॉकडाउन को लेकर पुलिस ने अपनाया सख्त रवैया
ग्वालियर. लॉकडाउन को लेकर पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया है वहीं बाजारों से भीड़ छंटनी शुरू हो गई है। सब्जी मंडियों से खरीदार तो कम हुए लेकिन होम डिलीवरी की व्यवस्था पहले ही दिन धड़ाम हो गई। लोग घर सामान मंगाने के बजाय खुद राशन की दुकानों पर खड़े नजर आए।
मुरैना से एक दर्जन मजदूर पैदल ग्वालियर आए
रविवार की सुबह शहर के कुछ स्थानों पर आटे की किल्लत होने के बाद पुलिस ने बंद पड़ी आटा चक्की को खुलवाकर लोगों को आटा वितरित कराया और उन्हें तय समय पर चक्की खोलने को कहा। दवा की दुकानों में काफी संख्या में लोग विभिन्न प्रकार की दवा लेने पहुंचे। शहर में होम डिलीवरी के लिए बड़ी संख्या में रिटेलर्स की सूची जारी की गई थी लेकिन इनमें से कई नंबर पहुंच से बाहर रहे तो कई दुकानदारों ने स्टॉक खत्म होने की जानकारी देकर पल्ला झाड़ लिया। इधर मुरैना की तरफ से मजदूरी करने वाले एक दर्जन लोग पैदल अपने घरों को लौटते हुए शिन्दे की छावनी में पानी की मांग करते दिखाई दिए।
