शिवराज मंत्रीमण्डल का अप्रैल के दूसरे सप्ताह में, 24 से 26 मंत्री शपथ लेंगे
भोपाल. कोरोना वायरस को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने मंत्रिमण्डल का गठन फिलहाल टाल दिया है। स्वास्थ्य से जुड़ी स्थितियां बेहतर होने के बाद ही कैबिनेट का गठन अप्रैल के दूसरे सप्ताह में हो सकता है। पहली बार में ही कांग्रेस से भाजपा में जाने वाले 22 में से 9 नेताओं को मंत्रिमण्डल में जगह मिलेगी। इनमें से 6 लोग जिनमें तुलसी सिलावट, महेन्द्र सिसोदिया, गोविंदसिंह राजपूत, प्रभुराम चौधरी, इमरती देवी और प्रधुम्नसिंह तोमर समर्थक है। बाकी 3 में बिसाहूलाल सिंह ऐंदलसिंह कंसाना और राजवर्द्धन सिंह दत्तीगांव शामिल हैं। वहीं, दूसरी ओर ज्योतिरादित्य सिंधिया का केस को खोलने वाले एडीजी को हटाकर सागर भेज दिया गया हैं।
6 से 8 राज्यमंत्री हो सकते हैं
शिवराज की टीम 24 से 26 लोगों की बनेगी, जिसमें 6 से 8 राज्यमंत्री हो सकते हैं। हालांकि शिवराज सिंह के सामने यह चुनौती होगी कि वे अपने लोगों में से किसे शामिल करते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में लगभग 13 मंत्री चुनाव हार गए, जबकि कुछ को टिकट ही नहीं मिला। इस बार जगदीश देवड़ा, अजय विश्नोई, करणसिंह वर्मा, कमल पटेल, मीना सिंह, बृजेंद्रप्रताप सिंह, हरिशंकर खटीक और गोपीलाल जाटव चुनाव जीत कर आए हैं। ये पूर्व में मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा ऐसे भी दावेदार हैं, जो 3 या 4 बार के विधायक हो गए हैं। इनमें ओम प्रकाश सकलेचा, यशपालसिंह सिसोदिया, राजेंद्र पांडे, देवेंद्र वर्मा, रमेश मेंदोला और ऊषा ठाकुर आदि शामिल हैं। इसके अलावा भोपाल से रामेश्वर शर्मा और भिंड से अरविंद भदौरिया की भी दावेदारी प्रबल है।
बीजेपी के बड़े दावेदार
डॉ नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, भूपेन्द्र सिंह, गौरीशंकर बिसेन, रामपाल सिंह, पारस जैन, राजेन्द्र शुक्ला, यशोधराराजे सिंधिया, विजय शाह, विश्वास सांरग, संजय पाठक, सुरेन्द्र पटवा, जालिम सिंह पटेल, सीताशरण शर्मा आदि।
8 मार्च को हटाए गए ग्वालियर ननि कमिश्नर आठवें दिन ही बहाल
2010 बैच के आईएएस अधिकारी व ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर संदीप कुमार माकिन का तबादला आदेश गुरुवार को रद्द हो गया है। आठ दिन पहले 18 मार्च को कमलनाथ सरकार ने माकिन को ग्वालियर नगर निगम कमिश्नर पद से हटा दिया थाए साथ ही उनकी पदस्थापना संचालक गैस राहत के पद पर भोपाल कर दी गई थी। माकिन की पोस्टिंग ज्योतिरादित्य सिंधिया ने करवाई थी। उनके भाजपा में जाते ही माकिन का तबादला कर दिया गया। अब भाजपा के सत्ता में आते ही माकिन का तबादला निरस्त कर दिया गया। मंत्रालय सूत्रों का कहना है कि सिंधिया ने इस संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की थी। पूर्व में माकिन की जगह जबलपुर के अपर कलेक्टर आईएएस अधिकारी हर्ष दीक्षित की पोस्टिंग ग्वालियर ननि कमिश्नर के पद पर की गई थी। आदेश निरस्त होने से दोनों अधिकारी अपनी जगह पदस्थ रहेंगे।
