मध्यप्रदेश में सीधी बस हादसे के बाद अब तेज हुआ चैकिंग अभियान, मंत्री ने खुद निरीक्षण किया, 23 हजार की चालानी कार्यवाही
भोपाल. सीधी बस हादसे के बाद मध्यप्रदेश का परिवहन विभाग सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है। परिवहन एवं राजस्व मंत्री गोविन्द्र सिंह राजपूत ने भोपाल से होशंगाबाद और भोपाल से राजसेना मार्ग पर लगभग 2 दर्जन यात्री बसों का औचक निरीक्षण किया वहीं शहडोल जिले में औचक निरीक्षण के दौरान 8 बसों के लायसेंस रद्द किए गए है इसके साथ ही जुर्माना भी लगाया गया।
नियमों का उल्लंघन करने वाली 11 यात्री बसों को जब्त किया
परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि निरीक्षण के दौरान 6 बसों के फिटनेस प्रमाण पत्र मौके पर ही निरस्त किये गए साथ ही परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाली 11 यात्री बसों को जब्त किया गया हालांकि इस दौरान जब्त बसों के यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिये उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी।
23 हजार की चालानी कार्यवाही
परिवहन मंत्री राजपूत ने बताया कि निरीक्षण के दौरान 5 बसों के विरूद्ध मौके पर ही परमिट शर्तों के उल्लंघन, जिसमें क्षमता से अधिक सवारी, दस्तावेज मौके पर नहीं पाये जाने पर चालानी कार्यवाही की गई। परिवहन एवं राजस्व मंत्री राजपूत ने बस मालिकों को सचेत करते हुए कहा कि तो बस मालिक नियमों का पालन नहीं कर रहे वे स्वयं अपना परमिट एवं लायसेंस सरेडंर कर दें, उन्होंने आगे कहा कि नियम विरूद्व चलने वाले वाहनों के खिलाफ यह कार्यवाही हमेशा जारी रहेगी।
