बॉयफ्रेंड के साथ कार खरीद रही थी चोर युवती
ग्वालियर. पेइंग गेस्ट बनकर सिटीसेंटर में प्रॉपर्टी व्यापारी के घर से 25 लाख रूपये की चोरी करने वाली एक युवती दिल्ली में अपने बॉयफ्रेंड के साथ घूमती हुई मिली। घटनाको उसने अपनी एक सहेली के साथ अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही युवतियों के फोन की लोकेशन दिल्ली की आ रही थी। पुलिस की टीमें भी 48 घंटे से दिल्ली के अन्दर ही थी। बुधवार की शाम पुलिस को कामयाबी मिल ही गयी। युवती बॉयफ्रेंड के साथ कार खरीदने पहुंची थी तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल युवती की सहेली की तलाश की जा रही हैं। इनको ग्वालियर लाकर पूछताछ की जायेगी।
क्या है पूरा मामला
शहर के पटेल नगर मनोहर इंक्लेव के पास निवासी 61 वर्षीय अशोक माखीजा प्रॉपर्टी कारोबारी व बिजली विभाग के ठेकेदार हैं। यहां वह पत्नी किरन के साथ रहते हैं। उनकी एक बेटी है वह दिल्ली में रहती है। दो दिन पहले उनके घर में 20 लाख रुपए नकद सहित 25 लाख रुपए की चोरी हुई थी। अकेले रहने के कारण माखीजा दंपति लड़कियों को पेइंग गेस्ट रखते थे। सोमवार रात 8 बजे दो युवतियां उनके यहां रूम लेने पहुंची थीं। उन्होंने बताया था कि वह पंजाब के जालंधर से आई हैं। अपना परिचय 29 वर्षीय बबीता व 30 वर्षीय गुलप्रीत कौर के रूप में दिया था। 600 रुपए में एक दिन के लिए रूम लिया था। रात को उन्होंने शराब पी और खाना खाया और मंगलवार को सुबह नाश्ता भी किया। मंगलवार दोपहर वह अपना सामान समेटकर चली गईं। उनके जाने के बाद जब अशोक माखीजा की पत्नी किरन अलमारी कुछ सामान निकालने पहुंचीं तो पता लगा कि लॉकर से 20 लाख रुपए नकद, करीब 12 तोला सोना गायब था। पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
चोरी के रूपयों से खरीद रही थी कार
पुलिस ने जब पूछताछ की तो पता लगा कि बबली अपने बॉयफ्रेंड के साथ चोरी के रूपयों से कार खरीदने पहुंची थी। उसी समय उसे पुलिस ने पकड़ लिया और उस पर दिल्ली में कई चोरी के मामलेे दर्ज हैं। पुलिस को आशंका है कि इससे कई इंटरस्टेट चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पूछताछ कर रही है पुलिस।