ग्वालियर 3 दिन बंद, मध्य प्रदेश के 8 जिले लॉकडाउन
ग्वालियर. ग्वालियर समेत प्रदेश के 8 जिलों में कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए शनिवार को लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। ग्वालियर में रविवार को जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार, मंगलवार को लॉकडाउन रहेगा। लॉकडाउन वाले जिलों में जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, रीवा, छिंदवाड़ा और बैतूल शामिल है।
नरसिंहपुर 14 दिन के लिए लॉक डाउन
जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर में रविवार से 14 दिन के लिए लॉक डाउन रहेगा। उधर इंदौर, में सभी रेस्त्रां, बैंक्वेट हॉल और बार 31 मार्च बंद रखे जाएंगे। इंदौर होटेलियन एसोसिएशन ने स्वेच्छा से यह निर्णय लिया है वहीं मध्य प्रदेश में शुक्रवार दोपहर तक एक भी मरीज नहीं था। इससे दूसरे देशों में रह रहे प्रदेश के लोग वहां से मध्य प्रदेश आ रहे है।
शासन हुआ सक्रिय, अफसरों को मैदान मे उतारा
जबलपुर में कोरोना प्रभावित सामने आने और संदिग्ध मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद शासन ने प्रदेश के सभी जिलों में अपर कलेक्टर और एसडीएम को मैदान में उतार दिया है। ये नोडल अधिकारी के रूप् में अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की लगातार निगरानी करेंगे।
हमारे योद्धाओं के काम की सराहना करने को भी कहा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कोरोना की चुनौती के बीच काम में जुटे डॉक्टरों, चिकित्साकर्मियों, पुलिस, मीडिया, एयरलाइन और परिवहन सेवाओं से जुड़े हमारे योद्धाओं के काम की सराहना करने को भी कहा है। इसके लिए उन्होंने लोगों को रविवार शाम पांच बजे जनता कर्फ्यू के दौरान अपने घरों की बालकनी, दरवाजे या आंगन में आकर पांच बार थाली या घंटी बजाकर उनकी सराहना करने की अपील की है।
