25 मार्च को भाजपा का मुख्यमंत्री शपथ लेगा
भोपाल. कमलनाथ के इस्तीफे के बाद मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनना तय हो गया है। अब भाजपा की ओर से शपथ ग्रहण के लिए 25 मार्च की तारीख तय की गई है इससे पहले 23 को विधायक दल की बैठक होनी है और इसी में मुख्यमंत्री का नाम फाइनल होगा। अब तक शिवराज सिंह चौहान का नाम ही सीएम पद के लिए चर्चा में था लेकिन अब जानकारी मिल रही है कि नरेंद्र सिंह तोमर का नाम इस पद के लिए सबसे आगे है हालांकि मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला विधायक दल की बैठक में किया जाएगा।
दो दिन में मप्र में भाजपा की सरकार बन जाएगी- नरोत्तम मिश्रा
भाजपा के नेता गोपाल भार्गव के नेतृत्व में राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे। बताया गया है कि यह मुलाकात राज्य में नई सरकार बनाने की कवायद है इधर भाजपा विधायक नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया है कि दो दिन में मप्र में भाजपा की सरकार बन जाएगी।
नरोत्तम मिश्रा के नाम की चर्चा
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सबसे आगे है फिर नरोत्तम मिश्रा के नाम की चर्चा है हालांकि अब तोमर का ही नाम सबसे आगे चल रहा है क्योंकि दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह ने तोमर से अलग से बात की है। धर्मेंद्र प्रधान से भी दोनों की बात हुई है वहीं माना जा रहा है कि शिवराज-तोमर में से ही एक नाम को पार्टी आलाकमान प्राथमिकता दे सकती है और नरोत्तम मिश्रा को सरकार में पावरफुल दर्जा मिलेगा।
