ज्योतिरादित्य सिंधिया 22 विधायकों के साथ जेपी नड्डा के निवास पर पहुंचे, भाजपा की सदस्यता लेंगे

नई दिल्ली. 13 दिनों तक बेंगलुरू में रहकर कमलनाथ सरकार को गिराने के बाद 22 विधायक नई दिल्ली स्थित ज्योतिरादित्य सिंधिया के निवास पर पहुंचे । सिंधिया के निवास से ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ बस में बैठकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर पहुंचे। साथ में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मप्र प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, डॉ. नरोत्तम मिश्रा, विधायक अरबिंद भदौरिया मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन विधायकों को अपने परिवार का सदस्य बताया हैं।

18 सिंधिया समर्थक, 4 सरकार से नाराज थे
बेंगलुरु में इस्तीफा देने वाले 18 विधायक सिंधिया समर्थक हैं। जबकि 4 ने सरकार से नाराज होकर इस्तीफा दिया था। इनमें ऐदल सिंह कंसाना और बिसाहूलाल दिग्विजय समर्थक माने जाते थे। हरदीप सिंह डंग और मनोज चौधरी किसी गुट के नहीं थे।

इस्तीफा देने वाले 16 विधायक ग्वालियर-चंबल से
इस्तीफा देने वाले 16 विधायक ग्वालियर-चंबल से हैं और इस क्षेत्र में सिंधिया का खासा प्रभाव है। उपचुनाव में सिंधिया के साथ ही यहां केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और शिवराज सिंह चौहान फैक्टर भी काम करेगा। कांग्रेस इस बार सिंधिया के बिना ही इन सीटों पर उपचुनाव में उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *