शिवम वर्मा ने निगम आयुक्त का चार्ज लिया, अब महकमे की सर्जरी पर नजर
ग्वालियर. आज शिवम वर्मा ने दोपहर निगम मुख्यालय पहुंचकर निगम आयुक्त का चार्ज लिया, अब इस बात की चर्चाएं गर्म है कि सेटिंगबाज अफसरों का भविष्य कैसा होगा। खास तौर से उन विभाग प्रमुखों और कई मलाईदार महकमों के प्रभार समेटकर मौज करने वाले अधिकारियों पर अब सबकी निगाहें लगी है। इस बीच नए निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने आज सिटी सेंटर सहित शहर के कई इलाकों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
पहले ही दिन शहर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया
जिला पंचायत से नगर निगम की कमान मिलते ही नवागत आयुक्त शिवम वर्मा ने आज पहले ही दिन शहर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई के हालातों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता कर्मियों से चर्चा भी की। बता दें कि हाल ही में विदा हुए तत्कालीन निगम आयुक्त संदीप माकिन की छुट्टी के पीछे सफाईकर्मियों के आंदोलन को भी एक बड़ी और अंतिम राजनीतिक वजह माना जा रहा है निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नरोत्तम भार्गव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बस स्टैंड, थाटीपुर, मुरार एवं सिटी सेंटर सहित विभिन्न क्षेत्रों में साफ सफाई देखी
निरीक्षण पर निकले नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने आज बस स्टैंड, थाटीपुर, मुरार एवं सिटी सेंटर सहित विभिन्न क्षेत्रों में साफ सफाई देखी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट नसीहत देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी एंव कर्मचरी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी से करें वरना सख्ती बरती जाएगी। अमले को समझाइश देते हुए उन्होंने कहा कि ग्वालियर को स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च रैंक दिलाने के लिए सभी एकजुट होकर काम करें।
