ताहिर हुसैन के खिलाफ पुलिस को मिले अहम सबूत, रिमांड खत्म होते ही पुलिस फिर गिरफ्तार कर सकती है
नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच आईबी कर्मचारी अंकित शर्मा मर्डर केस में भी ताहिर हुसैन को गिरफ्तार कर सकती है। अंकित मर्डर केस में ताहिर के खिलाफ पुलिस के हाथ कुछ अहम सबूत लगे है। जानकारी मिली है कि क्राइम ब्रांच की एसआईटी को अंकित की हत्या में ताहिर हुसैन के शामिल होने के सुराग मिले है। फिलहाल ताहिर हुसैन दिल्ली में दंगे फैलाने के आरोप में गिरफ्तार है।
पुलिस 1330 मोबाइल व सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही
इस मामले में सोमवार को ताहिर की रिमांड खत्म हो रही है इसलिए दिल्ली पुलिस उसे अंकित शर्मा मर्डर मामले में फिर से गिरफ्तार कर सकती है। क्राइम ब्रांच अभी उससे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस 1330 मोबाइल और सीसीटीवी फुटेज की जांच भी कर रही है।
क्राइम ब्रांच ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया
इससे पहले शनिवार को अंकित शर्मा मर्डर केस में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया। इस मामले में सलमान नाम का आरोपी पहले से ही पुलिस हिरासत में है। अब सलमान समेत कुल 6 आरोपी गिरफ्तार हो चुके है। चांदबाग के रहने वाले गिरफ्तार आरोपियों के नाम फिरोज, जावेद, गुलफाम और शोएब है जबकि 1 अनस है जो मुस्तफाबाद कर रहने वाला है।
