ग्वालियर से दक्षिण भारत जाना हुआ आसान, रेलवे चलाएगा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
ग्वालियर. त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच ग्वालियर से दक्षिण भारत की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे तिरुवनंतपुरम नॉर्थ और हजरत निजामुद्दीन के बीच त्योहार विशेष ट्रेन चलाने जा रहा है। इस ट्रेन का ग्वालियर और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर ठहराव रहेगा। दोनों दिशाओं में ट्रेन के तीन-तीन फेरे निर्धारित किए गए हैं।
शाम 4:35 बजे ग्वालियर पहुंचेगी
गाड़ी संख्या 06073 तिरुवनंतपुरम नॉर्थ–हजरत निजामुद्दीन विशेष ट्रेन 2 से 16 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। यह ट्रेन बुधवार को शाम 4:35 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 4:40 बजे रवाना होगी। इसके बाद आगरा कैंट और मथुरा होते हुए रात 11:50 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 06074 ग्वालियर में सुबह 11:40 बजे पहुंचेगी
वापसी में गाड़ी संख्या 06074 हजरत निजामुद्दीन–तिरुवनंतपुरम नॉर्थ विशेष ट्रेन 5 से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। यह ट्रेन ग्वालियर में सुबह 11:40 बजे पहुंचेगी और 11:42 बजे रवाना हो जाएगी। इस ट्रेन का ठहराव केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। इससे ग्वालियर से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
