शीतला माता मंदिर दुर्घटना में घायल एक और मरीज को एयर एम्बूलेंस से एम्स में भर्ती कराया
ग्वालियर – शीतला माता मंदिर के समीप हुई दु:खद दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मरीजों को मुख्यमंत्री की पहल पर एयर लिफ्ट कर उच्चस्तरीय इलाज के लिये एम्स में भर्ती कराया जा रहा है। इस क्रम में गुरुवार को एक और घायल मरीज को एयर लिफ्ट कर एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया। आरजेएन अपोलो स्पेक्ट्रा हॉस्पिटल में भर्ती अंकित पुत्र जयनारायण निवासी मनोहर का पुरा तहसील गोहद जिला भिण्ड को एयर एम्बूलेंस के जरिए भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया। इससे पहले कल्पना परिहार निवासी ठाठीपुर, संजय शर्मा निवासी करनाल साहब की ढ्योड़ी व शैलेन्द्र सिंह तोमर निवासी मुरैना को एयर एम्बूलेंस के माध्यम से एम्स में भर्ती कराया जा चुका है।
जेएएच के ट्रामा सेंटर सहित शहर के निजी अस्पतालों में भर्ती मरीजों के इलाज पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। कलेक्टर रुचिका चौहान स्वयं इलाज की प्रतिदिन समीक्षा कर रही हैं। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपाली माथुर सहित विभाग के अन्य अधिकारियों को प्रतिदिन निजी अस्पतालों में पहुँचकर मरीजों का हालचाल जानने एवं उनका बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
