डीन डॉ. RKS धाकड पर हमले के विरोध में ओबीसी महासभा ने एसपी ऑफिस का किया घेराव, 7 दिन का दिया अल्टीमेटम

ग्वालियर. शीतला माता मंदिर में घायल श्रद्धालुओं को देखने आये सीएम मोहन यादव के रवाना होने के उपरांत ट्रॉमा सेंटर के बाहर जीआरएमसी के डीन आरकेएस धापक पर हुए हमले के विरोध में गुरूवार को ओबीसी महासभा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करते हुए ज्ञापन सौंपा।
महासभा ने मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कराने, आरोपी मनोज शर्मा का नार्को टेस्ट कराने, उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कराने की मांग करते हुए संगठन ने घटना में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों की पहचान पर कार्यवाही करने के लिये पुलिस प्रशासन को 7 दिन का अल्टीमेटम दिया। मांगें पूरी नहीं होने पर ग्वालियर में उग्र आन्दोलन की चेतावनी दी है।
ओबीसी महासभा के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा है कि सीएम मोहन यादव के ग्वालियर प्रवास के दौरान ट्रॉमा सेंटर के बाहर डीन डॉ. आरकेएस धाकड पर हमला करते हुए थप्पड़ मारा था। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
साजिश और अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी-पुलिस
ज्ञापन लेने के बाद एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि डीन पर हमले के मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया था। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि ओबीसी महासभा ने मामले की विस्तृत जांच, नार्को टेस्ट और कॉल डिटेल की जांच कराने की मांग की है। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गंभीरता से विवेचना कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि घटना के पीछे कोई षड्यंत्र था या नहीं और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *