ग्वालियर स्मार्ट सिटी के दो बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी
ग्वालियर. लंबे समय से पाइपलाइन में चल रहे स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन के दो बड़े प्रोजेक्टों की बाधाएं आखिरकार दूर हो गई हैं। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 10 निर्भया कैफे की लोकेशन लंबे समय से फाइनल नहीं हो पा रही थीं। अब इनमें से कई लोकेशनों को बदलकर फाइनल किया गया है और जल्द ही इनकी एनओसी भी स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन को प्राप्त हो जाएंगी। ऐसे में जल्द ही ठेकेदार एजेंसी को लोकेशन हैंडओवर कर काम शुरू कराया जाएगा।
कंट्रोल कमांड सेंटर के लिए सोलर प्लांट मंजूर
दूसरी तरफ कार्पोरेशन के कंट्रोल कमांड सेंटर का बिजली का खर्चा कम करने के लिए रेस्को माडल पर सोलर प्लांट भी मंजूर कर दिया गया है। इसका कारण है कि कंट्रोल कमांड सेंटर सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशंड है। इसके अलावा यहां बड़ी-बड़ी स्क्रीनों के जरिए शहर की कई सुविधाओं पर निगरानी रखी जाती है। इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) का कंट्रोल रूम भी यहां संचालित होता है, जिसके कारण हर माह चार लाख रुपये से अधिक का बिजली का बिल आता है।
स्मार्ट सिटी कार्यालय का कुल स्वीकृत लोड भी 125 किलोवाट का है। पिछले दिनों रेस्को माडल पर सोलर प्लांट लगाने के लिए कंपनियों ने सर्वे भी किया था। जिसमें सहमति बन गई है कि कार्यालय की लगभग आठ हजार वर्गफीट क्षेत्रफल वाली छत पर 80 से 100 किलोवाट की क्षमता का सोलर प्लांट लगा दिया जाए। इससे कार्यालय का बिजली का बिल लगभग 70 प्रतिशत तक कम करने में सफलता मिलेगी। ऐसे में इस दिशा में भी अब स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा कार्य किया जा रहा है।
यह है निर्भया कैफे प्रोजेक्ट, अब यह हैं नई लोकेशन
शक्ति दीदी की तर्ज पर शहर में विधवा व निराश्रित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित निर्भया कैफे परियोजना के लिए शहर में 12 संभावित स्थान चिह्नित कर संबंधित विभागों से अनुमति मांगी थी। कुछ विभागों ने प्रस्तावित स्थानों पर अनुमति देने से इनकार कर दिया, जबकि कई विभागों से कोई जवाब नहीं मिला। परियोजना के तहत शहर में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से 10 निर्भया कैफे बनाए जाने हैं।
