ग्वालियर में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई
ग्वालियर. कलेक्टर रुचिका चौहान एवं संभागीय आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के आदेशानुसार तथा सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के निर्देशन में आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण और परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत सिकंदर कंपू, हजीरा, बिरला नगर कॉलोनी, चक केशवपुर गांव और डबरा क्षेत्र में दबिश देकर अवैध मदिरा जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 11 प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत दर्ज किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।
कंपू क्षेत्र में जब्त की अंग्रेजी व देसी शराब
सिकंदर कंपू क्षेत्र में बेटी बचाओ चौराहे के पास तिलक नगर में चंद्रकांत काले के रिहायशी मकान से विभिन्न ब्रांड की 12 बल्क लीटर अंग्रेजी मदिरा जब्त की गई। वहीं, कंपू क्षेत्र में पानी की टंकी के पीछे सूरज कुशवाह से 13 पाव और सुनील उर्फ सनी कुशवाह से 11 पाव देसी मदिरा प्लेन जब्त की गई। संबंधित मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त मदिरा के नमूने लेकर भौतिक परीक्षण और ईएएल स्कैन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
बिरला नगर में भी कार्रवाई
बिरला नगर की सब्जी मंडी क्षेत्र से 25 पाव देसी मदिरा प्लेन जब्त की गई। इसी क्षेत्र में बालाजी डेयरी से सौरभ शिवहरे के आधिपत्य से 15 पाव देसी मदिरा प्लेन और 5 लीटर बोल्ट बीयर बरामद की गई। चक केशवपुर गांव में महेंद्र कुशवाह के मकान से 14 पाव देसी मदिरा मसाला जब्त की गई। इन मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
डबरा में 1100 किलोग्राम गुड़ लाहन नष्ट
डबरा क्षेत्र के गुंजार कंजर डेरा में दबिश के दौरान तीन ड्रमों में लगभग 1100 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद किया गया। मौके पर नमूना लेने के बाद शेष गुड़ लाहन को नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा 22 पाव देसी मदिरा प्लेन भी जब्त की गई। इस कार्रवाई के संबंध में आबकारी अधिनियम की धारा 5 एवं 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
