ग्वालियर में 108 करोड़ से बनेंगी 28 सड़कें

ग्वालियर. शहर में सडकों की बदहाली से लोग परेशान है, कहीं गहरे गड्ढे है तो कहीं धूल से राहगीरों को परेशानी हो रही है। अब नगर निगम ने 108 करोड रुपए की लागत से 28 प्रमुख सडकों के निर्माण और चौडीकरण की कार्ययोजना तैयार की है। हालांकि पहले घोषित डस्ट फ्री रोड योजना के नतीजों पर सवाल है और सडक निर्माण की गुणवत्ता का मुद्दा हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है।
शहर में ये सडक निर्माण होंगे
नगर निगम की कार्ययोजना में एजी ऑफिस से सिल्वर एस्टेट, होटल सनबीम से मानसिंह चौराहा, टाइगर चौक से दाने बाबा चौराहा, भिंड रोड से सेंट्रल एकेडमी, हजीरा चौराहे से बिरला नगर पुल और चार शहर का नाका, लधेडी से जलालपुर, कम्पू थाना से गुडी-गुडा का नाका, माधोगंज थाना से हेमसिंह की परेड और महाराज बाडा से गश्त का ताजिया सहित 28 मार्ग शामिल हैं। सहायक नगर निवेशक अमित गुप्ता के अनुसार नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के प्रयासों से प्रदेश सरकार की द्वारका योजना के तहत इन मार्गों के विकास की योजना बनाई गई है।
निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी चुनौती
शहर में सड़क सुधार की योजनाओं के बीच सवाल है कि जब मुख्य मार्ग ही गड्ढों से जूझ रहे हैं, तो पेवर्स लगाने से धूल की समस्या कितनी दूर होगी। लोगों को फिलहाल चमकदार सड़कों के दावों से ज्यादा चलने लायक सड़कें चाहिए। नगर निगम के सामने चुनौती नई सड़कें बनाने के साथ निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और पुरानी सड़कों की मरम्मत कराने की भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *