ग्वालियर में जहरीली एवं अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, 8 प्रकरण दर्ज
जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर रुचिका चौहान के आदेशानुसार, आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन तथा सहायक आबकारी आयुक्त, जिला ग्वालियर राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त भीतरवार के अंतर्गत दुबहा-दुबही कंजर डेरा, चक कटना कंजर डेरा, लाल डांडा कंजर डेरा, लाल डांडा का नाला तथा ग्राम बेरखेड़ा में दबिश दी। इसके साथ ही वृत्त डबरा के पिछोर क्षेत्र अंतर्गत गूंजहार एवं ऊषर में भी अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान दुबहा-दुबही कंजर डेरा से ड्रमों एवं कुप्पियों में लगभग 400 किलोग्राम गुड़ लहान तथा 25 लीटर हाथभट्टी मदिरा बरामद की गई। लाल डांडा में गड्ढे से लगभग 1,200 किलोग्राम गुड़ तथा लाल डांडा के समीप नाले से दो नीले ड्रमों एवं कुप्पियों में लगभग 600 किलोग्राम गुड़ लहान मिली। इसी प्रकार चक कटना से लगभग 400 किलोग्राम गुड़ लहान तथा ग्राम बेरखेड़ा में तीन ड्रमों से लगभग 600 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद की गई। वृत्त डबरा के अंतर्गत गूंजहार में 20 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं लगभग 800 किलोग्राम गुड़ लहान, जबकि ऊषर में एक ड्रम से लगभग 200 किलोग्राम गुड़ लहान बरामद की गई।
आबकारी विभाग द्वारा मौके पर गुड़ लहान के नमूने लिए गए तथा शेष गुड़ लहान को फैलाकर नष्ट किया गया। कार्रवाई में कुल 45 लीटर हाथभट्टी मदिरा तथा लगभग 4,200 किलोग्राम गुड़ लहान नष्ट की गई। बरामद एवं नष्ट सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 4 लाख 29 हजार रुपए आंका गया है। आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारियों, आबकारी उप निरीक्षकों, मुख्य आरक्षकों, आरक्षकों एवं अन्य आबकारी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आबकारी विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध एवं जहरीली मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।
