17 सितंबर से उत्तर भारत में बीजेपी की 20 यात्राएं, MP के 55 जिले होंगे कवर
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 17 सितंबर से वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक 10-10 यात्राएं निकालने जा रही है। इन यात्राओं के लिए ऐसे रूट तैयार किए जा रहे है ताकि एक यात्रा का मार्ग दूसरी यात्रा से न टकराए। मध्य प्रदेश से होकर गुजरने वाले अलग-अलग मार्गें के जरिए प्रदेश के सभी 55 जिलों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी स्तर पर इसे उत्तर भारत की सबसे बडी यात्राओं में से एक के रूप में तैयार किया जा रहा है। इन यात्राओं में उत्तर भारत का बडा हिस्सा कवर होगा। गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ, हरियाणा और दिल्ली से होकर ये यात्राएं गुजरेंगी।

अलग-अलग नेताओं को दी जिम्मेदारी
अब तक 13 रूट फाइनल किए जा चुके है जबकि बाकी रूट को लेकर मंथन चल रहा है। मध्य प्रदेश में भाजपा ने यात्राओं के संचालन और व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी दी है। यात्राओं का उद्देश्य केवल राजनीतिक संपर्क तक सीमित नहीं रहेगा। इनमें स्थानीय लोगों की भागीदारी बढाने, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोडने, सेवा गतिविधियों और 2047 के संकल्प को भी शामिल किया जाएगा।
