भाजपा का चश्मा चढ़ाकर काम करने वाले अधिकारियों का मुंह काला किया जाएगा-कांग्रेस

शहर के विकास में राजनीति न करें, दलगत भावना से ऊपर उठकर काम करें: महापौर शोभा सिकरवार
ग्वालियर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने इस दौरान अधिकारियों को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी भाजपा का चश्मा लगाकर काम कर रहे हैं, उन्हें चेतावनी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि “जिन अधिकारियों के चेहरे पर भाजपा का चश्मा चढ़ा है, उनका मुंह काला किया जाएगा।”नगर निगम की महापौर शोभा सिकरवार ने शहर के विकास को लेकर भाजपा सांसद और भाजपा पार्षदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकारों को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि शहर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को दलगत भावना से ऊपर उठकर काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार शहर के विकास के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
महापौर शोभा सिकरवार ने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों के 7वें वेतनमान का प्रस्ताव निगम परिषद में पास किया गया था, लेकिन भाजपा ने इसे रोक दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित से जुड़े प्रस्तावों को राजनीतिक कारणों से रोकना उचित नहीं है।
उन्होंने भाजपा सांसद पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्षदों की मौलिक निधि से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन पार्षदों को करना चाहिए, लेकिन भाजपा सांसद इन भूमिपूजन कार्यक्रमों को रोककर स्वयं भूमिपूजन कर रहे हैं। महापौर ने कहा कि विकास कार्य किसी एक दल या व्यक्ति के नहीं, बल्कि पूरे शहर के होते हैं।
महापौर ने सांसद के उस आरोप पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा जाता है कि महापौर शहर के विकास कार्यों को रोक रही हैं। उन्होंने कहा, “सांसद जी बताएं कि मैंने कौन सा विकास कार्य रोका है। यदि मैंने कोई काम रोका है तो उसका नाम और पूरी जानकारी जनता के सामने रखें।”
उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से शहर के विकास के लिए फंड की मांग की है, ताकि शहर में विकास कार्यों को गति दी जा सके। महापौर ने भाजपा सांसद से सवाल किया कि “सांसद जी शहर के विकास के लिए कौन सा फंड लेकर आए हैं, यह भी जनता को बताएं।”
सुरेन्द्र यादव ने अधिकारियों को लेकर दी चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहर का विकास राजनीति से ऊपर होना चाहिए। विकास कार्यों में भेदभाव और राजनीतिक हस्तक्षेप से जनता को नुकसान होता है। उन्होंने भाजपा नेताओं से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ग्वालियर के विकास के लिए मिलकर काम करें।
महापौर ने कहा कि शहर के विकास के लिए फंड उपलब्ध कराने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ग्वालियर का विकास है और इसके लिए सरकार से आवश्यक राशि की मांग की गई है।
