शहर के किसी भी चौराहे पर न हो यातायात बाधित- निगमायुक्त
ग्वालियर शहर के सभी चौराहों पर यातायात बाधित न हो इसके लिए चौराहे के 200 मीटर दायरे में किसी भी प्रकार का वाहन व ठेला आदि न खडा हो। जिससे यातायात बाधित होता हो। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के थाने के साथ समन्वय बनाकर मदाखलत अधिकारी सख्ती से कार्यवाही करें। इसके साथ ही स्वच्छता के लिए हर सम्भव प्रयास नगर निगम के सभी अधिकारियों को लगातार करते रहना चाहिए। उक्ताशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन ने आज शुक्रवार को स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के तहत किये गए कार्यों एवं रह गई कमियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिए।
बाल भवन के ऑडिटोरियम में आयोजित समीक्षा बैठक में सीईओ स्मार्ट सिटी महीप तेजस्वी, अपर आयुक्त नरोत्तम भार्गव, आरके श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव सहित सभी वार्ड मोनीटर, सभी क्षेत्राधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी एवं डब्ल्यूएचओ उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान सभी अधिकारियों से स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के अनुभवों को लेकर खुले मंच पर चर्चा की गई। जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा विभिन्न सुझाव दिये गए तथा यह भी बताया कि अभी कहां.कहां कमी है। जिसकी पूर्ति हमें करनी चाहिए। इससे हमारा कार्य और बेहतर हो सकेगा। बैठक में सार्वजनिक व सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ सफाई के लिए केयर टेकर की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर बने अत्याधुनिक शौचालयों में लगने वाले शुल्क को निशुल्क करने को लेकर भी चर्चा की गई। साथ ही शहर के सभी मैरिज गार्डनों में पार्किंग क्षेत्र में वाहन चालको हेतु मूत्रालय एवं गार्डन में आने वाले नागरिकों व आमजनों के लिए अत्याधुनिक शौचालय अनिवार्य रूप से बनवाने को लेकर चर्चा की गई।
इसके साथ ही विभिन्न गलियों व क्षेत्रों में डस्टबिन की व्यवस्था ठीक करने एवं सूखा व गीला कचरा अलग अलग एकत्रित करने व गीले कचरे से घर में ही जैविक खाद का निर्माण करने हेतु पायलेट के तौर पर तीनों विधानसभा क्षेत्र में एक.एक वार्ड में कार्य करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में रात्रिकालीन सफाई नियमित हो तथा पॉलीथिन अभियान लगातार चलता रहे एवं गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमित रूप से कार्यवाही हो। इसको लेकर भी चर्चा की गई।
