पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल जी की स्मृति में आकार ले रहा अटल स्मारक एवं म्यूजियम का कार्य 30 सितम्बर तक होगा पूर्ण

कलेक्टर ने अटल स्मारक के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
ग्वालियर – पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में 20 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे अटल स्मारक एवं संग्रहालय का कार्य 30 सितम्बर 2026 तक पूर्ण होकर आमजनों के अवलोकन हेतु उपलब्ध हो जायेगा। कार्य को गति प्रदान करने एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने दिए हैं। सिरोल पहाडी पर बन रहे अटल समास्क एवं संग्रहालय का कलेक्टर ने गुरुवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य को तेज गति से करने के निर्देश दिए। अटल स्मारक एवं संग्रहालय के सिविल कार्य के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश सरकार की ओर से हाल ही में 6.80 करोड रूपये प्रदान किए हैं।
अटल स्मारक एवं संग्रहालय के पूरे डिजाइन एवं उसके कार्यों को देखा। अटल स्मारक एवं संग्रहालय 10 एकड़ में बनाया जा रहा है। 3 मंजिला इस अटल स्मारक एवं संग्रहालय में प्रत्येक मंजिल पर अटल जी से संबंधित स्मृतियों को दर्शाया जा रहा है। बेसमेंट का क्षेत्रफल 290 वर्ग मीटर है। बेसमेंट हॉल में सूचना पटल लगाया जाएगा। अटल जी का प्रदर्शन क्षेत्र रहेगा एवं अटल जी की भव्य मूर्ति लगाई जाएगी। लिफट, लॉबी एवं सीढियां रहेंगी। इसके बाद ग्राउण्ड फलोर पर 46 वर्गमीटर क्षेत्र में इतिहास गैलरी लगाई जाएगी, जिसमें भारत का इतिहास एवं स्वतंत्र भारत के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही यहां पर अटलजी का भव्य वर्चुअल स्टैचु लगाया जाएगा। हिस्टी लॉग में अटल जी की जीवन एवं कार्यशैली के बारे में बताया जाएगा। तोश खाना गैलरी में पूर्व पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को मिले उपहार एवं पुरस्कार प्रदर्षित किए जाएंगे। जबकि डिस्प्ले कॉरिडोर में आंगतुकों के लिए विभिन्न प्रकार के कला प्रदर्षित की जाएंगी साथ ही बैठक भी रहेगी। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि अटल स्मारक एवं म्यूजियम के निर्माण का कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। अटल स्मारक निर्माण कार्य की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भी निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है।
गैलरी में ले सकेंगे अटलजी के साथ सैल्फी
गैलरी का क्षेत्रफल 1300 वर्ग मीटर रहेगा, यहां पर लोग पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रमिता के साथ सेल्फी ले सकेंगे। इसके साथ ही यहां पर ग्रीन तकनीक का उपयोग किया जाएगा जिससे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ लोग घूम भी सकेंगे।
प्रथम तल पर बनेगा ई-लायब्रेरी एवं ऑफिस
प्रथम तल पर सेमिनार हॉल रहेगा, जिसका क्षेत्रफल 170 वर्गमीटर रहेगा। इसके साथ ही सेविनियर शॉप रहेगी, जिसका क्षेत्रफल 175 वर्गमीटर रहेगा। इसमें चित्र पोस्टकार्ड आदि रखे जाएंगे। 65 वर्गमीटर में ई-लायब्रेरी एवं ऑफिस रहेगा। इसमें ऑडियो, फाइलों, छवियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

