ग्वालियर में यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रहे – प्रभारी मंत्री
ग्वालियर – कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रहना चाहिए। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाए। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर से बेहतर बनाने के लिये विस्तृत प्लान तैयार किया जाए। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ग्वालियर भ्रमण के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर यह बात कही। बुधवार को प्रात: 10 बजे मुरार सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले की कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, शहर विकास एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर एवं रासुका जैसी कार्रवाई भी करना पड़े तो की जाए। वरिष्ठ अधिकारी नियमित थानों का एवं क्षेत्र का भ्रमण भी करें और कानून व्यवस्था को बेहतर से बेहतर बनाने के लिये हर संभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जिन थाना क्षेत्रों में अपराध होते हैं वहां के पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदार बनाया जाए।
यातायात प्रबंधन के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि ग्वालियर शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन के लिये यातायात का एक सुव्यवस्थित प्लान तैयार किया जाए। चौराहों पर लगे सभी सीसीटीव्ही कैमरे चालू रहें और उनकी निरंतर मॉनीटरिंग भी हो। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। बिना परमिट एवं यातयात नियमो का पालन न करने वाले वाहन मालिकों के विरूद्ध भी प्रशासन कड़ी कार्रवाई करे। अवैध रूप से बिना अनुमति के चलने वाले वाहनों की भी नियमित जांच कर कार्रवाई की जाए। शहर में रात में भी पुलिस गश्त प्रभावी रूप से हो यह भी सुनिश्चित किया जाए।
शहर के प्रमुख बाजारों में अस्थायी अतिक्रमण के कारण आवागमन में लोगों को परेशानी न हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही यातायात में बाधक अतिक्रमण भी तत्परता से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी खेल मैदानों में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई अतिक्रमण न रहे। शहर में महापुरुषों की जितनी भी प्रतिमायें स्थापित हैं उनकी नियमित साफ-सफाई हो यह निगम सुनिश्चित करे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शहर में चल रहे विकास कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसके साथ ही समय-सीमा में व गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण हों यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है। यातायात प्रबंधन के लिये भी सड़क सुरक्षा समिति में नियमित चर्चा कर लिए गए निर्णयों का पालन कराया जा रहा है। नगर निगम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं सड़कों के संधारण के लिये किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्थायी अतिक्रमण हटाने का कार्य भी निगम द्वारा नियमित किया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम के पार्क विभाग द्वारा महापुरुषों की प्रतिमाओं की नियमित साफ-सफाई का कार्य भी किया जा रहा है।

