जीएसटी टीम का छापा ग्वालियर में लकड़ी विक्रेता के यहां, स्टॉक में मिली गड़बड़ी
ग्वालियर. टैक्स चोरी करने की सूचना पर आज स्टेट जीएसटी (गुडस एंड सर्विसेस टैक्स) की टीम ने दौलतगंज स्थित लकड़ी विक्रेता मंगल बन्धु के यहां पुलिस फोर्स के साथ छापेमार कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान एंटी ऐवेजन टीम के अधिकारियों ने मौके पर ही सारे बिल व बहीखातों को जब्त कर लिया। जीएसटी की टीम ने दुकान में मौजूद कागजों की छानबीन की और यह देखने की कोशिश की कि कहीं थोक की दुकान पर बिक्री ज्यादा तो नहीं हो रही जबकि जीएसटी कम रही है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर मिले स्टॉक रजिस्टर से ज्यादा सामान मिला है। व्यापक स्तर पर जीएसटी की चोरी होने की आशंका है हालांकि अब जांच के बाद ही जीएसटी चोरी का खुलासा हो पाएगा।
जीएसटी टीम की इस छापामार कार्रवाई से जहां दौलतगंज में हड़कंप था वहीं जीएसटी राज्यकर डिप्टी कमिश्नर (एंटी ऐवेजन) यूएस बैस से जब इस मामले में जानकारी चाही तो उन्होंने हैरान करने वाली बात कही। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि उन्हें अभी छापेमारी संबधी कुछ भी जानकारी नहीं है हालांकि बाद में उन्होने कहा कि इस संबंध में वह दोपहर तक ही कुछ बता पाएंगे।
