काग्रेस विधायक रफीक खान पर हमला, विधायक बोला-मेरा गला दबाने की कोशिश
जयपुर. कांग्रेस विधायक रफीक खान पर गुरूवार की दोपहर एक व्यक्ति ने हमला कर दिया। विधायक रफीक खान अपने घर से निकलकर विधानसभा की ओर जा रहे थे। गाड़ी में बैठते समय भागते हुए आये व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट कर दी। सदर थाना पुलिस ने हमलावर को दबोचा है। इस घटना पर विधायक ने कहा है कि किसी साजिश के तहत यह हुआ है। कमजोर व्यक्ति होता तो जान जा सकती थी।
डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने कहा है कि हमलावर की पहचान विकास जाखड़ के रूप में की गयी है। बनी पार्क में जयसिंह हाइवे स्थित विधायक के घर वह भागते हुए आया और रफीक खान को पकड़कर मारपीट करने पर उतारू हो गया। पुलिस को खबर मिलने पर उसे पकउ़ लिया है। हमलावर सीआरपीएफ का पूर्व जवान है। ऐसा बताया जा रहा है कि इस बीच युवक ने विधायक की छाती पर एक मुक्का भी मारा है। वहां पर मौैजूद खान के समर्थकों ने तत्काल पकड़कर हमलावर की पिटाई कर दी है।
रफीक खान बोले-मेरा गला दबाने की कोशिश की, जान जा सकती थी
कांग्रेस विधायक रफीक खान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मैं लोगों से जनसुनवाई करके घर के बाहर आकर गाड़ी में बैठने लगा तो कुछ कार्यकर्ता और साथी आए। वो किसी से फोन करवाना चाहते थे, मैंने उनके पेपर ले लिए और कहा कि असेंबली में बैठकर काम करूंगा। उसी वक्त एक आदमी आया और उसने मेरे गले में हाथ डाला, तो मुझे लगा की बात करेगा। खान ने कहा- पहले तो उसने गर्दन दबाने की कोशिश की और फिर जोर से मेरी छाती पर हाथ मारा। जब उसने गर्दन पर हाथ डाला तो मैंने दोनों हाथ पकड़कर दूर किया तो उसने मेरी शर्ट पकड़ ली। बहुत सारे लोग थे, सबने मिलकर जबरन मेरी शर्ट छुड़वाई। इंटेंशन अभी पता नहीं लगा है। उसे पुलिस को दे दिया है। पुलिस जांच कर रही है।
