शहरवासियों की खुशियां सिर्फ दो फीट दूर, खुलेंगे तिघरा के गेट

ग्वालियर. सर्दी के मौसम से शुरू हुई पेयजल सप्लाई की चिंता गर्मियों तक गंभीर रूप ले चुकी थीं। कारण, शहर की जीवनरेखा तिघरा जलाशय रीतने के कगार पर पहुंच चुका था। लेकिन अब तिघरा जलाशय लबालब होने को आतुर है और इसका जलस्तर 737 फीट पर पहुंच गया है। इस तरह खुशियां सिर्फ दो फीट दूर हैं और जलस्तर 739 फीट पर पहुंचने के बाद इसके द्वार खोले जाने का सुखद समाचार मिलेगा।
इसके साथ ही अब अगले साल तक पेयजल संकट की चिंता से मुक्ति मिल जाएगी। शहर की जनता को एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की बजाय प्रतिदिन नलों से पानी मिलने लगेगा। बताया गया है कि अपर ककैटो से हो रही पानी की शिफ्टिंग और घाटीगांव स्थित कैचमेंट एरिया में हो रही वर्षा के कारण देर रात तिघरा बांध का जल स्तर 737 फीट तक पहुंच गया। जलसंसाधन विभाग इस बार बांध को 739 फीट तक भरने की तैयारी कर रहा है।
इसके ऊपर जलस्तर पहुंचते ही गेट खोलकर पानी की निकासी की जाएगी। तिघरा बांध की कुल जल संग्रहण क्षमता 740 फीट है, पहले इसे 738 फीट तक ही भरा जाता था, लेकिन गत वर्ष बांध के लीकेजों की मरम्मत होने के बाद इस बार इसे 739 फीट के लेवल पर लाया जाएगा। जलसंसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि अभी भी अपर ककैटो और ककैटो बांध से पानी की शिफ्टिंग का सिलसिला चल रहा है।
मौसम विभाग ने 29 अगस्त के बाद तेज वर्षा का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में इस सीजन में तिघरा बांध के गेट खुलना तय है। बांध के गेट खोलने से पहले आसपास के गांवों में मुनादी भी कराई जाएगी। तिघरा बांध लबालब होने के बाद शहरवासियों के लिए प्रतिदिन पेयजल सप्लाई की नगर निगम से मांग होने लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *