MP में पत्थरबाजी का मुख्य आरोपी शहजाद गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
छतरपुर. छतरपुर में कोतवाली थाने पर पथराव के मुख्य आरोपी हाजी शहजाद को पुलिस ने मंगलवार दोपहर में गिरफ्तार कर लिया। हाजी गुपचुप तरीके से कोर्ट में सरेंडर करने जा रहा था, जिसकी सूचना पुलिस को मिली और घेराबंदी कर जिला अदालत के बाहर से उसे दबोच लिया। इसके बाद जिला अस्पताल से मेडिकल कराकर उसे कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने 3 दिन की रिमांड मांगी है।
छतरपुर एसपी अगम जैन ने शहजाद को फरार घोषित कर 10 हजार का इनाम रखा था। साथ ही लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। मामले में अब तक 37 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें से 36 को जेल भेजा जा चुका है। आरोपियों में से 6 पर जिलाबदर की कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्व उपाध्यक्ष हाजी शहजाद अली 21 अगस्त को भीड़ में ज्ञापन सौंपने वालों में सबसे आगे था।
