7 फिदायीन अटैक, बलूचिस्तान में 130 पाकिस्तानी सैनिकों को मारने का दावा

बलूचिस्तान. पाकिस्तान के बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी ने 130 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है। हालांकि पाकिस्तानी सेना ने अब तक 14 सैनिकों के मारे जाने की बात मानी है। बलूचिस्तान पोस्ट के मुताबिक BLA ने ‘ऑपरेशन हेरोफ’ के तहत बूलचिस्तान में 12 अलग-अलग जगहों पर हमले किए। BLA ने रविवार देर रात हमले शुरू किए और पाकिस्तानी सेना के कई कैंप, पुलिस चौकियों को निशाना बनाया। उन्होंने कई हाईवे पर नाकेबंदी भी कर दी। BLA ने ‘ऑपरेशन हेरोफ’ को बलूचिस्तान पर कब्जा करने का पहला कदम बताया। बलूच ग्रुप ने इस ऑपरेशन को बूलचिस्तान की आजादी के लिए मील का पत्थर बताया है।
ऑपरेशन में BLA के 800 लड़ाके शामिल
BLA प्रवक्ता जीयंद बलूच ने कहा कि यह ऑपरेशन हेरोफ का पहला फेज था। उन्होंने इसके सफल होने का दावा किया। जीयंद ने कहा कि इस ऑपरेशन में उसके अलग-अलग दस्ते के 800 लड़ाकों ने हिस्सा लिया था। उनके लड़ाकों ने बलूचिस्तान की कई सैन्य चौकियों और शिविरों को नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी फिदायीन लड़ाकों की ‘मजीद बिग्रेड’ ने बलूचिस्तान में बेला शिविर पर 20 घंटे तक कब्जा रखा। यहां पर पाकिस्तानी सेना के 68 सैनिक मारे गए और दर्जनों घायल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *