हाईकमान से नाराज कमलनाथ, ग्वालियर के कार्यक्रम से बचने के लिए विदेश यात्रा पर चले गए
ग्वालियर. 22 जुलाई को प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर तंज कसा है। कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा, ग्वालियर के कार्यक्रम में पैसे खर्च करने से बचने के लिए कमलनाथ विदेश यात्रा पर चले गए हैं। कमलनाथ एक प्रोफेशनल बिजनेसमैन हैं। वो इन्वेस्ट वहीं करते हैं, जहां उनको लाभ होता है। कमल पटेल ने कहा, कमलनाथ को लग रहा है कि कांग्रेस का सफाया होना है इसलिए वो दुबई चले गए। कांग्रेस को नेता प्रतिपक्ष और बाकी लोगों के भरोसे छोड़ गए। इन लोगों के पास कुछ है नहीं। कमलनाथ को पता है कि हारना ही है तो पैसे क्यों खर्च करें।
हाईकमान से नाराज हैं कमलनाथ
पटेल ने कहा कि कमलनाथ हाईकमान से नाराज हैं, क्योंकि उनकी मर्जी के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष बना दिया गया। डॉ. गोविन्द सिंह ने कहा है कि अगर कमलनाथ को मुख्यमंत्री का चेहरा बना दिया तो कांग्रेस चुनाव हार जाएगी। ये बात तय है कि कमलनाथ सौ प्रतिशत हारेंगे, क्योंकि कांग्रेस ने जनता को धोखा देने के अलावा कुछ नहीं किया। मंत्री कमल पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा को बहुमत हासिल है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जो काम किए हैं, उनके बल पर हम चुनाव जीतेंगे। कांग्रेस धोखा देकर एक बार जीत गई, लेकिन दोबारा कभी नहीं जीतेगी।
