CM शिवराज ने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाया, केंद्र के समान मिलेगा 42 प्रतिशत

भोपाल. राज्य के सरकारी कर्मचारियों को अब केंद्रीय कर्मचारियों के समान 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इस बात की घोषणा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कर दी। राज्य के कर्मचारियों को यह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता जनवरी 2023 से मिलेगा और जुलाई माह के वेतन के साथ इसकी शुरुआत हो जाएगी, जो कि अगस्त में मिलेगा।

जनवरी से जून तक महंगाई भत्ते का एरियर 3 समान किस्तों में मिलेगा। शिवराज सरकार के इस फैसले से प्रदेश के साढ़े सात लाख कर्मचारी लाभान्‍वित होंगे। इसके साथ ही शिवराज सरकार ने एक अन्य बड़ा निर्णय करते हुए एक जुलाई 2023 को सेवा में 35 वर्ष पूरे करने वाले कर्मचारियों को चतुर्थ समयमान वेतनमान देने का निर्णय लिया है।

गौरतलब है कि प्रदेश में शासकीय कर्मचारियों को अभी 38 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था। जबकि, केंद्रीय कर्मचारियों को 42 प्रतिशत के हिसाब से जनवरी 2023 से महंगाई भत्ता मिल रहा था। मुख्यमंत्री ने 23 जून को केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर महंगाई भत्ता देने की घोषणा की थी लेकिन यह निर्णय नहीं हो पा रहा था कि इसका लाभ कब से देना है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को निर्धारित कर दिया कि जनवरी 2023 से ही कर्मचारियों को 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा। जुलाई का वेतन, जो अगस्त में मिलेगा, उसमें चार प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाकर मिलेगा। जनवरी से जून 2023 तक महंगाई भत्ते का एरियर तीन समान किस्तों में दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *