10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों को सड़क उन्नयन के लिए मिलेंगे 25 करोड़ रुपये
भोपाल. शहरों की सड़कों के कायाकल्प अभियान के अंतर्गत निकायों को सड़कों के उन्नयन के लिए आबादी के मान से राशि दी जाएगी। उन सड़कों का उन्नयन प्राथमिकता से किया जाएगा, जिन पर आवागमन अधिक है। यानी 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों को 25 करोड़, तो दो से 10 लाख तक की आबादी वाले शहरों को सात करोड़ रुपये मिलेंगे। सरकार ने अभियान के अंतर्गत 413 नगरीय निकायों के लिए 750 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें से 350 करोड़ रुपये की पहली किस्त मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को सिंगल क्लिक पर निकायों के बैंक खातों में जमा कराएंगे। कार्यक्रम कुशाभाऊ सभागार में आयोजित होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री जनप्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि एक से दो लाख तक की आबादी वाले शहर को तीन करोड़, 50 हजार से एक लाख तक वाले को दो करोड़ 50 लाख, 30 से 50 हजार वाले को एक करोड़ 60 लाख, 20 से 30 हजार वाले को एक करोड़ और 20 हजार से कम आबादी वाले नगरों को 50 लाख रुपये दिए जाएंगे। शहरों में कार्यों की निगरानी के लिए संचालनालय और संभाग स्तर पर समिति का गठन किया जा रहा है। गुणवत्ता नियंत्रण के लिए संभाग स्तरीय मोबाइल टेस्टिंग लेब की स्थापना की गई है। राज्य स्तरीय क्वालिटी मानीटर मनोनीत कर दिए हैं। निकायों के सिटी रोड एक्शन प्लान भी अनुमोदित कर दिए हैं ।
